Header Ads Widget

Ticker

6/recent/ticker-posts

अस्पताल का सवाल : कौन मचा रहा बवाल

 डाक्टर और स्टाफ नर्स के बीच विवाद, आरोप-प्रत्यारोप का दौर

 एक साल से प्रताड़ित हो रहा ओ.टी. का नर्सिंग स्टाफ : नर्सेज का आरोप

अवैध वसूली ने कराया नर्सों का तबादला: डाक्टर


 शहडोल संभाग मुख्यालय स्थित कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल अक्सर विवादों का केंद्र बनकर सामने आता रहा है। इन दिनों दो स्टाफ नर्स और एक शल्य चिकित्सक यानी सर्जन के बीच विवाद का मामला काफी तूल नजर पकड़ता नजर आ रहा है। नसों का आरोप है कि डॉक्टर राजा शीतलानी द्वारा उन्हें बेजा प्रताड़ित किया जा रहा है और झूठी शिकायत कर उन्हें ऑपरेशन थिएटर की ड्यूटी से हटवा दिया गया जबकि डॉक्टर राजा शीतलानी का कहना है कि उक्त दोनों नर्स पिछले एक लंबे समय से ऑपरेशन थिएटर की ड्यूटी करती रही हैं, उनका ट्रांसफर रुटीन ट्रांसफर है। दूसरी बात उन्होंने यह भी कहा कि कार्य में लापरवाही और ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों से अवैध वसूली जैसी शिकायतें लगातार मिलती रही है जिसके कारण आरएमओ और सिविल सर्जन द्वारा उनका  अन्य वार्ड में स्थानांतरण किया गया है, इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। सच्चाई क्या है यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन इतना जरूर है कि चिकित्सा व्यवसाय से जुड़े लोगों के आपसी विवाद का खामियाजा मरीजों और उनके परिजनों को जरूर भुगतना पड़ सकता है।

शहडोल । आदिवासी बाहुल्य के संभागीय मुख्यालय के सरकारी अस्पताल में प्रताड़‌ना, अभद्रता और मनमानी की शिकायतें डस्टबीन के डिब्बो में चली जाती हैं। पीड़ित कर्मचारी अपनी आपबीती लिखित और मौखिक शिकायतें जिम्मेदार अधिकारियो से करते हैं तो उनकी गुहार नक्कार खाने में तुती की तरह दबकर रह जाती है। इतना ही नहीं इस अस्पताल का एक सर्जन सहित तीन अफसरों की चौकडी का बोलबाला साल भर से चल रहा है बावजूद इसके पीड़ित नर्सिंग स्टाप को कोई राहत मिलता तो दूर उनको आपेरशन थियेटर से हटाकर अन्य वार्डो में पदस्थ कर दिया गया। यह गंभीर आरोप नर्सिंग ऑफिसर रश्मि राव और पूजा खटीक ने लगाया है तथा जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने की मांग की है 

 क्या है पूरा मामला

जिला अस्पताल शहडोल के ऑपरेशन थिएटर में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर रश्मि राव  व पूजा खटीक ने मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजा शीतलानी (मूल पदस्थापना – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसिंहनगर, वर्तमान संलग्न – जिला अस्पताल शहडोल, सर्जरी विभाग) के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए 27 नवंबर 2025 को जिला दंडाधिकारी शहडोल को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता नर्सिंग ऑफिसर रस्मी राव एवं पूजा खटीक ने आरोप लगाया है कि डॉ. राजा शीतलानी द्वारा ऑपरेशन थिएटर में आए दिन उनके साथ अमर्यादित व्यवहार, अपमानजनक भाषा, धमकी, मानसिक प्रताड़ना तथा अनुचित फेवर की मांग की जाती है, जिससे वे अपने आप को असुरक्षित महसूस करने लगी हैं। 

ऑपरेशन थिएटर में अभद्रता

शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि डॉ. राजा शीतलानी ऑपरेशन थिएटर में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सरिता शर्मा को सार्वजनिक रूप से “जानू” कहकर संबोधित करते हैं और अश्लील टिप्पणियाँ करते हैं। नर्सिंग स्टाफ का आरोप है कि इसी तरह का अनुचित फेवर उनसे भी अपेक्षित किया जाता है, जिससे उन्हें बार-बार शर्मिंदगी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि पूर्व में श्रीमती सरिता शर्मा की ड्यूटी नेत्र विभाग में थी, लेकिन डॉ. राजा शीतलानी के जिला अस्पताल में संलग्न होने के बाद उनकी ड्यूटी ऑपरेशन थिएटर में लगाई गई।

कार्यकुशलता पर सवाल, धमकी का आरोप

नर्सिंग ऑफिसरों ने बताया कि वे लंबे समय से ऑपरेशन थिएटर में कार्यरत हैं और सीनियर सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. व्ही. पी. पटेल, सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. अपूर्व पांडे, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद अम्बेडकर एवं ईएनटी सर्जन डॉ. रेखा कारखुर के साथ नियमित रूप से ऑपरेशन कराती रही हैं, जिनमें आज तक उनकी कार्यकुशलता को लेकर कोई शिकायत नहीं हुई। इसके बावजूद आरोप है कि डॉ. राजा शीतलानी उनके केस में ऑपरेशन कराने के दौरान उन्हें झिड़कते हैं, इंस्ट्रूमेंट खराब होने जैसे आरोप लगाते हैं और कई बार यह धमकी भी देते हैं कि उन्हें ऑपरेशन थिएटर से बाहर निकाल दिया जाएगा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई मामलों में उन्हें हटाकर श्रीमती सरिता शर्मा को बुलाया जाता है। नर्सिंग ऑफिसरों ने बताया कि उन्होंने कई बार सिविल सर्जन महोदया से डॉ. राजा शीतलानी की हरकतों की शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉ. राजा शीतलानी एवं उनके सहयोगियों द्वारा पूर्व सिविल सर्जन डॉ. जी. एस. परिहार के विरुद्ध की गई मीडिया बाजी एवं धरना-प्रदर्शन के कारण प्रशासनिक दबाव बना, जिससे कार्रवाई नहीं हो सकी। शिकायत में आर.एम.ओ. डॉ. पुनीत श्रीवास्तव पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नर्सिंग ऑफिसरों का कहना है कि दिनांक 25 नवंबर 2025 को डॉ. पुनीत श्रीवास्तव ने डॉ. राजा शीतलानी के इशारे पर उनके खिलाफ अनर्गल आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, जब उन्होंने इस संबंध में आरएमओ से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि “राजा साहब को पटाकर रखो तो कोई परेशानी नहीं होगी।” नर्सिंग स्टाफ ने इस कथन को अत्यंत आपत्तिजनक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाला बताया है। अंत में नर्सिंग ऑफिसर रस्मी राव एवं पूजा खटीक ने जिला दंडाधिकारी से मांग की है कि डॉ. राजा शीतलानी एवं आरएमओ डॉ. पुनीत श्रीवास्तव द्वारा की जा रही अशोभनीय हरकतों, धमकियों और मानसिक प्रताड़ना के मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।                   

 पीड़िताओं को अक्सर का शोकाज 


अस्पताल के सर्जन द्वारा की जा रही प्रताडना की शिकायतें नर्सिंग आफीसर रश्मि राव और पूजा खटीक ने 29 नवम्बर को कलेक्टर शहडोल, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ सेवायें रीवा संभाग के  अलावा सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक जिला चिकित्सलय शहडोल, महिला थाना प्रभारी शहडोल, आजाक थाना प्रभारी शहडोल से की गई। जिसके परिप्रेक्षय में प्रताडित कर्ता डॉ. राजा शीतलानी ने नर्सिंग आफीसर रश्मि राव व पूजा खटिक बेबुनियाद शिकायत सीएमएचओ से कर दी। परिणाम स्वरूप उन्होंने दो नर्सो को शोकाज जारी कर दिया। जबकि कारण बताओ नोटिस सिविल सर्जन को जारी करना था। लेकिन राजा साहब के प्रभाव के चलते अफसर ने पीडिताओ को ही निशाने पर ले लिया। उनकी इस कार्यवाई से अब पीडित नर्से इस अस्पताल में अपने आपको असुरक्षित सा महसूस कर रही हैं।                            

नर्सो के अलावा चिकित्सक भी परेशान 

डॉ. राजा शीतलानी की मूल पदस्थापना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जयसिंहनगर में है लेकिन प्रभाव के चलते उनकी सेवायें जिला चिकित्सालय में एक साल से ली जा रही हैं । उक्त चिकित्सक के अभद्रता की शिकार नर्से भर नहीं हैं। डॉ. अपूर्व पांडेय, डॉ. अरविन्द अम्बेडकर और डॉ. व्हीपी पटेल ने 28/06/0025 को डॉ. राजा शीतलानी की लिखित शिकायत जिला अस्पताल के सिविल सर्जन से की गई थी लेकिन उनकी हरकतों पर किसी भी प्रकार का अंकुश नहीं लग पाया है। इधर प्रताडना की शिकार नर्सिंग आफीसर रश्मि राव व पूजा खटीक को ओटी से हटाकर अन्य वार्डो मे पदस्थ कर दिया गया है जिसके चलते सर्जनों सहित मरीजों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

 क्या कहते हैं डॉक्टर राजा शीतलानी 

 नर्सिंग ऑफिसर्स द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में जब कथित तौर पर आरोपी डॉक्टर राजा शीतलानी से इस संबंध में जानकारी चाही गई तो उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि उक्त दोनों नर्स पिछले एक लंबे अरसे से जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में कार्य करती रही हैं। लंबे समय तक एक ही स्थान पर रहने के कारण लापरवाही और जबरदस्ती करना, डॉक्टर्स को जवाब देना उनकी आदतों में शामिल हो चुका था, इसके अलावा ऑपरेशन के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों से अवैध वसूली किए जाने की भी लगातार शिकायतें मिलती रही है जिसे देखते हुए आरएमओ जिला अस्पताल शहडोल और सिविल सर्जन जिला अस्पताल शहडोल द्वारा रूटीन ट्रांसफर के तहत उन्हें किसी अन्य वार्ड में तैनात किया गया है, इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है और न हीं उन्होंने कभी किसी को प्रताड़ित किया है। इतना जरूर हो सकता है कि ऑपरेशन थिएटर से होने वाली कथित अवैध कमाई छूट जाने के कारण उक्त नर्सिंग ऑफिसर द्वारा मुझ पर अनर्गल आरोप लगाकर छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वयं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने की जरूरत पर जोर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ