जयसिंहनगर जनपद के रेउसा ग्राम पंचायत ने लिखी विकास की नई गाथा
" सेमरपाखा गांव के रह वासियों को अब न तो यातायात सुविधा या एंबुलेंस के अभाव में असमय काल का ग्रास बनना पड़ेगा और न ही बरसात के दिनों में वह आवश्यक सामग्री या जीवन रक्षक दवाओं के लिए मोहताज होंगे। सटीक मार्गदर्शन, सशक्त टीमवर्क और ग्रामीणों के समन्वित प्रयास ने दशकों से नारकीय जीवन जी रहे ग्रामीणों को अब विकास की नई उड़ान भरने का अवसर प्रदान किया है। हाल ही में नवनिर्मित सीसी रोड के लिए जनपद सीईओ शिवानी जैन, उप यंत्री रईसुद्दीन खान, सरपंच पुरुषोत्तम सिंह और सचिव अशोक गौतम की तारीफों के पुल बांधते ग्रामीण थक नहीं रहे हैं। "
शहडोल। जिले के जयसिंहनगर जनपद पंचायत ग्राम पंचायत रेउसा इन दोनों आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और इसकी वजह है पंचायत के ही मोहल्ले के रूप में बसे सेमरपाखा गांव के ग्रामीणों को नारकीय जीवन से मिले मुक्ति। सेमरपाखा एक ऐसा गांव है जो ग्राम पंचायत रेउंसा में ही आता है लेकिन रेउंसा से आधा किलो मीटर की दूरी पर होने के बावजूद आवागमन के लिए मार्ग न होने के कारण अलग-थलग पड़ा हुआ था और आलम यह था कि बरसात के दिनों में यदि कोई ग्रामीण गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक ले जाया जाना असंभव की हद तक कठिन था। यही वजह है कि लोग असमय मौत का शिकार भी बन जाते थे।
जैन ने दिलाया चैन
ग्रामीणों ने कई बार सेमरपाखा पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग की, दशकों से यह मांग होती रही लेकिन ग्रामीणों को इस जीवन से मुक्ति नहीं मिल पा रही थी और लोग अपनी किस्मत को कोसने के लिए मजबूर हो चुके थे। जनपद में कई मुख्य कार्यपालन अधिकारी आए और चले गए लेकिन ग्रामीणों की यह मांग पूरी ना हो सकी। इसी दौरान मौजूदा सीईओ शिवानी जैन ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों को उक्त कार्य प्राथमिकता के साथ करने का निर्देश देते हुए उपयंत्री रईसुद्दीन खान को अपने तकनीकी मार्गदर्शन में गुणवत्ता युक्त अच्छी सड़क का निर्माण कराए जाने का निर्देश दिया। सीईओ के निर्देशन और उपयंत्री रईसुद्दीन के कुशल तकनीकी मार्गदर्शन के परिणाम स्वरूप सरपंच पुरुषोत्तम सिंह और सचिव अशोक कुमार गौतम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ मानपुर रोड से लेकर सेमरपाखा में राजाराम के घर तक 400 मी लंबी सीसी रोड का निर्माण 17 लाख रुपए की लागत से कराया है। जनपद की इस सक्रियता से सेमरपाखा निवासियों ने चैन की सांस ली है।
खत्म नर्कवास अब होगा विकास : राजाराम
ग्राम पंचायत रेउसा के सेमरपाखा निवासी राजारामसिंह बघेल सिंह ने बताया की पिछले वर्ष तक स्थिति यह थी कि हम लोग जनपद और जिला मुख्यालय तो दूर की बात है, अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय रेउंसा भी नहीं पहुंच पा रहे थे बरसात के समय रास्ते में इतना कीचड़ और गंदगी जमा होती थी कि वाहनों का निकालना तो दूर पैदल चलकर जा पाना भी कठिन होता था। घर गृहस्ती के जरूरी सामान के लिए भी हम ग्रामीणों को पहले से तैयारी करनी पड़ती थी तब कहीं जाकर चौमास यानी बरसात का समय कट पाता था। भला हो सीईओ मैडम और उप यंत्री खान का जिन्होंने सरपंच और सचिव को विश्वास में लेकर हम ग्रामीणों को नारकीय जीवन से मुक्ति दिलाई।
भूलती नहीं वो त्रासदी : देवेन्द्र
देवेंद्र सिंह बघेल का कहना है कि लोग भले ही कुछ भी कहते रहें, कोई किसी पर आरोप लगाए लेकिन सच्चाई तो यह है कि सेमरपाखा के लोगों को एक प्रकार से नया जीवन ही मिला है। एक साल पहले तक यहां कोई देखने नहीं आता था कि हम ग्रामीणों को किन मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उसे देखा, समझा और दूर किया है जनपद पंचायत के सीईओ और उपयंत्री ने और समस्याओं को दूर किया है हमारे सरपंच और सचिव ने जिनकी जितनी भी तारीफ की जाए वह कम होगी क्योंकि बरसात के दिनों की त्रासदी अभी भी लोगों में सिहरन पैदा कर देती है।
बच्चे पढेंगे, विकास गढेंगे: शेषमणि
सेमरपाखा निवासी शेष मणि सिंह ने भी ग्रामीणों को होने वाली समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत रेउंसा द्वारा उपयंत्री रइस उद्दीन खान के तकनीकी मार्गदर्शन एवं जनपद सीईओ शिवानी जैन के निर्देशन में बनाई गई सड़क हम ग्रामीणों के विकास का आधार बनेगी क्योंकि अभी तक तो बच्चों की पढ़ाई तक भी मार्ग न होने के कारण नहीं हो पाती थी। अब हमारे बच्चे पढ़ेंगे, आगे बढ़ेंगे और विकास करेंगे।

0 टिप्पणियाँ