जनपद सीईओ के मार्गदर्शन ने दी नई रफ्तार
उपयंत्री की तकनीकी सीख से विकास को मिला मजबूत आधार
प्रशासनिक एवं तकनीकी मार्गदर्शन ने बदली पंचायत की तकदीर और तस्वीर
" जयसिंहनगर जनपद पंचायत क्षेत्र का ग्राम पंचायत रेऊंसा इन दिनों विकास नई कहानी गढता नजर आ रहा है। यूं तो जनपद क्षेत्र के अधिकांश गांवों की निर्वाचित ग्राम पंचायतों द्वारा जनपद व जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन व तकनीकी अधिकारियों के निर्देशन में कई महत्वपूर्ण एवं जनोपयोगी कार्य कराए गए हैं जो क्षेत्रीय विकास में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। ग्राम पंचायत रेउंसा भी ऐसी ही विशेष पंचायतो में शामिल है जहां निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों के सहयोग से ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया है। नवनिर्मित सड़क, स्कूल बाउण्ड्रीवाल और सांस्कृतिक मंच ने न सिर्फ आवागमन बल्कि शिक्षा एवं संस्कारों को भी नई उड़ान देने का कार्य किया है।"
शहडोल। ग्राम पंचायत रेऊंसा के सरपंच एवं स्थानीय आदिवासी नेता पुरुषोत्तम सिंह की अगुवाई में ग्राम पंचायत रेउसा ने विकास के नए सोपान तय किये हैं। ग्राम पंचायत रेऊंसा के अभिन्न अंग के रूप में बसे गांव सेमरपाखाके ग्रामीणों को चिरस्थायी रूप ले चुके आवागमन की समस्या से निजात दिलाने के लिए सीसी रोड का निर्माण हो या विद्यालय के बाउंड्री वॉल का निर्माण कर शिक्षा का आधार मजबूत करना, ग्राम पंचायत के कर्ताधर्ताओं ने तकरीबन सभी क्षेत्रों में स्थानीय जनापेक्षाओं के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य कर ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की समस्याओं से मुक्ति दिलाई है जिसकी प्रशंसा ग्राम वासियों के मुंह से कभी भी कहीं भी सुनी जा सकती है।
सड़क से मिली रफ्तार
गौरतलब है कि सेमरपाखा एक ऐसा गांव है जो ग्राम पंचायत रेउंसा में ही आता है लेकिन रेउंसा से आधा किलो मीटर की दूरी पर होने के बावजूद आवागमन के लिए मार्ग न होने के कारण अलग-थलग पड़ा हुआ था और आलम यह था कि बरसात के दिनों में यदि कोई ग्रामीण गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल तक ले जाया जाना असंभव की हद तक कठिन था। यही वजह है कि लोग असमय मौत का शिकार भी बन जाते थे। रईसुद्दीन की सीख का कमाल
ग्रामीणों ने कई बार सेमरपाखा पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग की, दशकों से यह मांग होती रही लेकिन ग्रामीणों को इस जीवन से मुक्ति नहीं मिल पा रही थी और लोग अपनी किस्मत को कोसने के लिए मजबूर हो चुके थे। जनपद में कई मुख्य कार्यपालन अधिकारी आए और चले गए लेकिन ग्रामीणों की यह मांग पूरी ना हो सकी। इसी दौरान मौजूदा सीईओ शिवानी जैन ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों को उक्त कार्य प्राथमिकता के साथ करने का निर्देश देते हुए उप यंत्री रईसुद्दीन खान को अपने तकनीकी मार्गदर्शन में गुणवत्ता युक्त अच्छी सड़क का निर्माण कराए जाने का निर्देश दिया। सीईओ के निर्देशन और उपयंत्री रईसुद्दीन के कुशल तकनीकी मार्गदर्शन के परिणाम स्वरूप सरपंच पुरुषोत्तम सिंह और सचिव अशोक कुमार गौतम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ मानपुर रोड से लेकर सेमरपाखा में राजाराम के घर तक 400 मी लंबी सीसी रोड का निर्माण 17 लाख रुपए की लागत से कराया है।
सांस्कृतिक उत्थान
ग्राम पंचायत रेऊंसा के ग्रामीणों को उसे समय भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था जब वह कोई सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर अपने बच्चों को विभिन्न सांस्कृतिक एवं कलात्मक गतिविधियों से परिचित कराना चाहते थे। गांव में ऐसी कोई भी जगह नहीं थी जहां पर कोई ऐसा कार्यक्रम हो सके जहां गांव के लोग सामूहिक रूप से एकत्र होकर किसी कार्यक्रम में सहभागिता निभा सकें। ऐसे हालात में आदिवासी समुदाय के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं में शुमार ग्राम पंचायत के सरपंच पुरुषोत्तम सिंह ने पंचायत की ओर से सांस्कृतिक मंच के निर्माण का प्रस्ताव रखा जिसे सभी पंचों द्वारा ध्वनिमत से पारित किया गया। जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर उप यंत्री रइसउद्दीन खान ने निर्माण एजेंसी को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान कर एक ऐसे सांस्कृतिक मंच का निर्माण पूर्ण कराया जो अब ग्रामीणों की सांस्कृतिक एवं कलात्मक एकता का केंद्र बिंदु बनकर उभरा है। हालांकि कुछ विघ्न संतोषियों अथवा स्वार्थ के की पट्टी बांधकर आंख बंद रखने वालों को यह बात शायद पसंद नहीं आई लेकिन ग्रामीणों की खुशियों का अनुमान उनके ही शब्दों में सुन और समझ कर जा सकता है।
बच्चे कुछ सीख पाएंगे : तुलसा
ग्राम रेउसा निवासी श्रीमती तुलसा बाई ने चर्चा के दौरान सांस्कृतिक मंच के निर्माण पर खुशी का इजहार करते हुए कहा कि हम गांव वालों को कभी कुछ देखने सुनने का मौका मिला ही नहीं था हालांकि मोबाइल और टीवी के आ जाने से लोग उसी में ज्यादा व्यस्त हो गए लेकिन नई पीढ़ी को अपनी पुरानी कला और संस्कृति से अवगत कराने का सही अवसर अब सांस्कृतिक मंच का निर्माण हो जाने से मिला है यहां विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होंगे तो हमारे बच्चे भी कुछ पुरानी और कुछ नई शिक्षाओं को ग्रहण कर खुद का और गांव का विकास कर पाएंगे।
विरोध निष्प्रभावी: बाबू राम
गांव के वरिष्ठ नागरिक बाबूराम ने ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों द्वारा गांव के विकास के लिए किया जा रहे कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि वैसे तो पंचायत राज कई सालों से चल रहा है कई प्रकार के कार्य हुए भी और नहीं भी हुए लेकिन मौजूदा सरपंच और उनकी टीम जिस प्रकार से गांव के विकास कार्य को प्राथमिकता देते हुए नया इतिहास रचने का प्रयास कर रही है वह अपने आप में महत्वपूर्ण है रही बात विरोध करने वालों की तो हर अच्छे कार्य का विरोध हमेशा से होता रहा है उससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
मील का पत्थर : राजेश
युवा ग्रामीण राजेश सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा किए जाने वाले ग्राम विकास के कार्यों और उसमें उप यंत्री रइसुद्दीन खान, जनपद सीईओ श्रीमती शिवानी जैन तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रदान किया जा रहे मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मौजूदा सरपंच और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों के मार्गदर्शन में जो कार्य ग्राम पंचायत रेऊंसा में किया है वह वास्तव में मील का पत्थर साबित होगा। राजेश सिंह का यह भी कहना था कि कुत्ते भोंकते रहते हैं हाथी अपनी चाल नहीं बदलता, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायत रेउसा का हर ग्रामीण आपस में एकजुट होकर विकास की नई कहानी गढने को तत्पर और संकल्पित है और इसमें कोई भी बाधा उत्पन्न नहीं कर सकता है।
प्रशासन से ग्रामीणों की गुहार
जिले के जयसिंहनगर जनपद पंचायत क्षेत्र का ग्राम पंचायत रेऊंसा पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में रहा है, कभी अपने उत्कृष्ट और जनोपयोगी कार्यों को लेकर तो कभी द्वेष पूर्ण दुष्प्रचार को लेकर। हालांकि ग्रामीणों का दृष्टिकोण स्पष्ट है और वह स्वयं के द्वारा निर्वाचित ग्रामीण सत्ता के प्रतिनिधियों और विकास को गति प्रदान करने में सहयोगी मार्गदर्शक की भूमिका निभाने वाले अधिकारी कर्मचारियों से पूर्णतया संतुष्ट भी हैं लेकिन निहित स्वार्थ के चलते दुष्प्रचार का षड्यंत्र रचने वाले तथाकथित विकास के पक्षधर छद्मवेष धारियों की गतिविधियों से आहत भी हैं, यही वजह है कि उन्होंने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंप कर ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही किए जाने की गुहार भी लगाई है।


0 टिप्पणियाँ